CM धामी ने पांच विधानसभाओं की घोषणाओं को लेकर की समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाए और जिन योजनाओं का शीघ्र समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न हो।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। विभागों को आपसी समन्वय के साथ जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया।बैठक में मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा गया। उन्होंने निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को संबंधित विभागों तक शीघ्र भेजने और लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का विभागीय सचिव प्राथमिकता से समाधान करें। वन विभाग के स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की अलग से समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। मानसून से पहले बाढ़ नियंत्रण कार्यों की व्यापक समीक्षा करने तथा वर्षाकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तैयारियां पूरी करने को कहा गया।आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाणिज्यिक सिलेंडरों से संबंधित मुद्दों पर होटल एसोसिएशन के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया।बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, आशा नौटियाल, विनोद कंडारी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि संबंधित जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!