गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में नई टिहरी में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

नई टिहरी। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई टिहरी में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा रावत और नगर पालिका परिषद टिहरी की पूर्व अध्यक्ष सीमा कृषाली ने किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम जनता, खासकर गृहणियों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए रसोई गैस की बढ़ती कीमतें अतिरिक्त बोझ बनती जा रही हैं।

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा रावत ने कहा कि केंद्र सरकार को तुरंत गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत देनी चाहिए, ताकि आम जनता को कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे मध्यम और गरीब वर्ग के परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली ने कहा कि महिला कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी आम लोगों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो महिला कांग्रेस आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की मांग करते हुए सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने की मांग की। इस मौके पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा रावत, नगर पालिका परिषद टिहरी की पूर्व अध्यक्ष सीमा कृषाली, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष ममता उनियाल, जिला उपाध्यक्ष शगुफ्ता परवीन, शहर अध्यक्ष अनिता रावत, जिला सचिव अनिता शाह, सोनू नवाल, रेनू, ममता, सलोनी, हेमलता सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!