सोशल मीडिया पर दोस्ती बनी जाल, किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज 

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए एक किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक शादी का झांसा देकर किशोरी का शोषण करता रहा। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

फ़ाइल फोटो।

पुलिस को दी गई तहरीर में एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी स्थानीय स्कूल में पढ़ती है। दो वर्ष पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर ज्वालापुर के मैदानियान निवासी मोनू शेख उर्फ समीर से हुई। आरोप है कि युवक ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाते हुए खुद को हिंदू बताया और धीरे-धीरे किशोरी से संबंध बढ़ा लिए। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर किशोरी को कई बार बहला-फुसलाकर घर और स्कूल से बाहर बुलाया। इसके बाद उसे कार में बैठाकर सुनसान स्थानों पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। बताया गया कि कुछ दिन पहले किशोरी को युवक की असली पहचान की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने विरोध जताया। आरोप है कि युवक ने अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर किशोरी को प्रेमजाल में फंसा लिया और लंबे समय तक उसे धोखे में रखा। बताया गया कि उसने किशोरी पर मानसिक दबाव बनाते हुए धर्म परिवर्तन के लिए भी तैयार कर लिया। मामले की जानकारी होने पर परिजन पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं, कोतवाली प्रभारी चन्द्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!