हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए गुमशुदा 11 वर्षीय बालक को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, वादी पप्पू उपाध्याय निवासी मूलतः कोठियानाराव, थाना अतार नगर, जनपद छपरा (बिहार) तथा वर्तमान निवासी मुल्की नगर, रावली महदूद, थाना सिडकुल ने अपने 11 वर्षीय पुत्र के 13 अप्रैल को घर से बिना बताए लापता होने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना सिडकुल पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष सिडकुल अजय शाह के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचना अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान को सौंपी गई। टीम ने सर्विलांस, लोकेशन ट्रैकिंग तथा सुरागरसी-पतारसी के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। जिसके कुछ समय बाद ही अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान व उनकी टीम ने लापता बालक को सकुशल बरामद कर लिया।

बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने सिडकुल पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस सक्रियता को क्षेत्र में सराहा जा रहा है। वहीं, थानाध्यक्ष सिडकुल अजय शाह ने बताया कि आवश्यक कार्यवाही के बाद बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान, हेड कांस्टेबल देशराज, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक तथा कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद।




