हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों के तहत महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख़्ती और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए श्यामपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार श्यामपुर क्षेत्र के कांगड़ी निवासी एक व्यक्ति ने थाना श्यामपुर में तहरीर देकर बताया कि शिव कुमार बाबा नामक व्यक्ति ने उसकी 6 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ अशोभनीय हरकत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा ने एसएसपी के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज़ कर दी और गुरुवार को तिरछा पुल क्षेत्र से आरोपी शिव कुमार बाबा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को महिला एवं बाल अपराधों के प्रति हरिद्वार पुलिस की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख़्त से सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नाम पता आरोपित:-
शिव कुमार बाबा पुत्र बलबीर निवासी कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार
पुलिस टीम:-
1. चौकी प्रभारी चंडीघाट संतोष सेमवाल
2. उपनिरीक्षक रचना पठानिया
3. हे0 कांस्टेबल कुलदीप सिंह
