हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
झाड़ान पीठ बाजार निवासी मोईन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चचेरे भाई शादाब का कुछ समय पहले तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर पीठ बाजार निवासी अबूजर से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते 18 जून की रात फरहान ने फोन कर शादाब को समझौते और बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि उसे सराय रोड क्षेत्र की एक गली में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद अबूजर, हारिश, बेलन और शाहरूख ने उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शादाब को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
