हरिद्वार। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जहां दो वारंटियों को दबोचा, वहीं शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया गया। तीनों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव व एसएसआई दीप गौड़ के नेतृत्व में वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया है। इसी क्रम में वारंटी अर्जुन पुत्र सेवाराम निवासी सलेमपुर राजपूताना और अतर सिंह पुत्र स्वर्गीय फूल सिंह निवासी ग्राम सुनहरा को उनके घरों से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ न्यायालय द्वारा वारंट जारी थे। अर्जुन के खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट तथा अतर सिंह के खिलाफ धारा 135 ई. एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस टीम ने रहीमपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने पर मुजम्मिल पुत्र इनाम को गिरफ्तार किया। बताया गया कि आरोपी बेवजह विवाद कर रहा था और समझाने पर भी नहीं माना, जिसके चलते उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल अलियास अली, अपर उप निरीक्षक मनीष कवि, कांस्टेबल अर्जुन, कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल स्वरूप और पीआरडी प्रीतम शामिल रहे।
