हरिद्वार। जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में वादे से मुकरने का एक मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से भेल सेक्टर-5 स्थित लेबर कॉलोनी निवासी शिवम के संपर्क में थी। आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। समय बीतने के बाद जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार 23 अप्रैल को वह आरोपी के घर पहुंची तो वहां मौजूद शिवम और उसके साथियों ने उसके साथ अभद्रता की और मारपीट कर उसे भगा दिया। घटना के बाद मामला और बिगड़ गया जिसके चलते युवती के परिजनों ने भी युवती को घर से निकाल दिया। रानीपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
