हरिद्वार। दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीएचईएल रानीपुर निवासी सलोनी उर्फ अन्नु, जो मूल रूप से सरसावा (सहारनपुर) की रहने वाली है, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 20 फरवरी 2022 को ब्रह्मपुरी, बैरियर नंबर-6 रानीपुर निवासी बसंत टपरवाल से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में क्रेटा कार और 10 लाख रुपये की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता रहा।

पीड़िता के अनुसार मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से भी परेशान किया जाता था। उसने आरोप लगाया कि 23 अप्रैल की रात पति बसंत, ननद गीता और नन्दोई संजीत ने उसे जबरन कार में बैठाया और उसे आग के हवाले करने की कोशिश की। हालांकि वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

मामले में पुलिस ने आरोपी पति, सास रामरति, ससुर ज्ञानचंद, ननद और नन्दोई के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
