कार्रवाई: नाबालिग दुष्कर्म केस में लापरवाही पड़ी भारी, खानपुर इंस्पेक्टर निलंबित

हरिद्वार। खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतना प्रभारी निरीक्षक को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से न लेने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए तत्काल प्रभाव से प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले खानपुर इलाके में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़ित परिवार ने समय रहते पुलिस को पूरी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने मामले में तत्परता नहीं दिखाई। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

जब यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो एसएसपी नवनीत सिंह ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उनके निर्देश पर पोक्सो एक्ट सहित संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू टीम को लगाया गया, जिसने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले में लापरवाही को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाया और प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि आमतौर पर इस तरह के मामलों में केवल लाइन हाजिर करने की कार्रवाई की जाती रही है।

वहीं, खानपुर थाने की जिम्मेदारी फिलहाल साइबर सेल में तैनात इंस्पेक्टर गोविंद सिंह को सौंपी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के इस सख्त फैसले से पुलिस महकमे में अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!