देहरादून। दुर्गम पहाड़, कड़ाके की ठंड, कम ऑक्सीजन और जानलेवा चढ़ाई, इन सबके बीच एसडीआरएफ की टीमें केदारनाथ-लिंचोली मार्ग पर “जीवन रक्षक” बनकर डटी हुई हैं। चारधाम यात्रा के दौरान जहां हर कदम जोखिम से भरा है, वहीं एसडीआरएफ अपनी कुशल कार्यप्रणाली और तेज़ रिस्पॉन्स के दम पर सैकड़ों श्रद्धालुओं को नई जिंदगी दे रही है।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी के सशक्त नेतृत्व में एसडीआरएफ ने न केवल आपात हालात को संभाला, बल्कि कठिनतम परिस्थितियों में भी मानवीय सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश किया है।
ऑक्सीजन से राहत, समय पर उपचार बना जीवनदान

केदारनाथ धाम क्षेत्र में अब तक करीब 65 श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन सपोर्ट देकर उनकी जान बचाई गई। वहीं 40 से अधिक यात्रियों को मौके पर दवाइयां देकर तत्काल राहत पहुंचाई गई। गंभीर स्थिति वाले 08 मरीजों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। जो एसडीआरएफ की त्वरित निर्णय क्षमता को दर्शाता है। इसके अलावा 35 से अधिक यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि स्थिति बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण किया जा सके।
लिंचोली में भी राहत का मजबूत नेटवर्क

लिंचोली क्षेत्र में SDRF की मुस्तैदी और भी व्यापक स्तर पर देखने को मिली। यहां 85+ यात्रियों को ऑक्सीजन सपोर्ट, 200+ श्रद्धालुओं को दवाइयों का वितरण व 70+ लोगों का हेल्थ चेकअप किया गया। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि एसडीआरएफ सिर्फ रेस्क्यू नहीं, बल्कि पूर्ण चिकित्सा सहायता प्रणाली के रूप में भी कार्य कर रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन: हर सेकंड पर नजर, हर जान की कीमत

खतरनाक चट्टानों, फिसलन भरे रास्तों और खराब मौसम के बावजूद एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीमों ने केदारनाथ क्षेत्र में 70+ लोगों को सुरक्षित निकाला, लिंचोली में 30+ श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू किया। हर ऑपरेशन में टीम की प्लानिंग, तालमेल और प्रोफेशनल एप्रोच साफ दिखाई दी।
आधुनिक उपकरणों से लैस, हर चुनौती पर भारी

एसडीआरएफ टीमें पूरी तरह अत्याधुनिक संसाधनों से लैस हैं। स्ट्रेचर, रोप, स्प्लिंट, ब्लड प्रेशर मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर और पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर जैसे उपकरणों के जरिए हर आपात स्थिति का तेजी से सामना किया जा रहा है।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी का संदेश
हमारी प्राथमिकता हर तीर्थयात्री की सुरक्षा है। विपरीत परिस्थितियों में भी हमारी टीमें पूरी तत्परता और समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंच सके।

केदारनाथ-लिंचोली मार्ग पर एसडीआरएफ की कार्यशैली सिर्फ एक ड्यूटी नहीं, बल्कि मानवता की मिसाल बन चुकी है। कठिनतम हालात में भी जिस तरह टीमों ने तेज़ी, तकनीक और टीमवर्क का परिचय दिया है, वह उन्हें देश की सबसे भरोसेमंद आपदा राहत इकाइयों में खड़ा करता है।
