हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति की सुपारी देकर हत्या कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसी क्रम में हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को सिडकुल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में 17 अप्रैल 2026 को दिव्या चौहान निवासी सीतापुर ने अपने पति रवि चौहान (44) के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान 19 अप्रैल को पथरी पावर हाउस रानीपुर क्षेत्र में रवि चौहान का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या के मुकदमे में तरमीम कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि मृतक रवि चौहान का सीतापुर निवासी पंकज शर्मा से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते पंकज शर्मा ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और ज्वालापुर निवासी दानिश अली व नदीम को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी। आरोप है कि दोनों ने रवि चौहान की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया।पुलिस पहले ही 23 अप्रैल को दानिश अली और नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में पंकज शर्मा और उसके भांजे द्वारा सुपारी देने की बात कबूल की थी।

इसी क्रम में विवेचक व वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा की टीम ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी पंकज शर्मा को 2 मई 2026 को सिडकुल थाना क्षेत्र के कोर्ट चौक से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की साजिश रचने और सुपारी देने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या से पहले 40 हजार रुपये और वारदात के बाद 1.10 लाख रुपये सुपारी किलरों को दिए थे। गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपी गौतम की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस टीम में शामिल:
वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा, कांस्टेबल ताजबर और चालक कांस्टेबल मुकेश कुमार।
