सराहनीय: 20 घंटे में तीन वर्षीय मासूम अपहरणकांड का खुलासा, तंत्र-मंत्र के लिए उठाया था बच्चा

हरिद्वार। झबरेड़ा क्षेत्र से शादी समारोह के दौरान लापता हुए तीन वर्षीय मासूम के अपहरण मामले का हरिद्वार पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मासूम का अपहरण तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के उद्देश्य से किया गया था।

जानकारी के अनुसार 14 मई को भगतोवाली, झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली झबरेड़ा पहुंचकर शिकायत दी कि शादी समारोह के दौरान उसका तीन वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल विशेष टीम गठित कर बच्चे की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। पूरे अभियान की निगरानी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई, जबकि सीआईयू रुड़की और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बच्चे के अपहरण की बात कबूल कर ली।

इसके बाद पुलिस टीम सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी मासूम को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लेकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मासूम की सकुशल बरामदगी के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी है।

फ़ाइल फोटो: प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह।

पुलिस टीम में:-

1.प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह

2. व0उ0नि0 सतेन्द्र भण्डारी

3. उ0नि0 जय सिंह राणा

4.हे0का0 रामवीर

5. हे0का0 विकास

6.कानि0 सुरेन्द्र सिंह

7. कानि0 बसन्त कुमार

8.एस0ओ0जी0 टीम रुडकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!