स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम में छात्राओं को दिए आपदा प्रबंधन के गुर, NDRF ने सिखाए जीवनरक्षक उपाय

हरिद्वार। आपदा के समय सतर्कता और सही प्रशिक्षण ही जीवन बचाने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम द्वारा जनपद हरिद्वार में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम  का आयोजन कर छात्राओं और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं 15वीं वाहिनी NDRF के सेनानी के निर्देश पर आयोजित किया गया। इस दौरान NDRF टीम ने प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी देते हुए विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

प्रशिक्षण सत्र में CPR, FBAO, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), ब्लीडिंग कंट्रोल तकनीक, अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण, इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस तैयार करने तथा भूकंप के दौरान सुरक्षित निकासी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। साथ ही प्रतिभागियों को I.GOT ऐप के माध्यम से आपदा प्रबंधन संबंधी ज्ञान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में कुल 432 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 15 महिला अध्यापक, 415 छात्राएं और दो अन्य स्टाफ सदस्य शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे भविष्य में जीवनरक्षक साबित होने वाला महत्वपूर्ण प्रशिक्षण बताया। प्रतिभागियों का कहना था कि इस तरह की जानकारी आपदा के समय न केवल स्वयं की सुरक्षा में मददगार होगी, बल्कि दूसरों की सहायता करने में भी उपयोगी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक/जीडी तीरपन सिंह के नेतृत्व में किया गया। विद्यालय प्रशासन और उपस्थित प्रतिभागियों ने NDRF टीम द्वारा दिए गए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!