हरिद्वार में थम नहीं रहे हादसे: हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर चालक की मौत, क्लीनर गंभीर

सैफ सलमानी।

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर शुक्रवार देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

शुक्रवार की देर रात चंडी देवी रोपवे के सामने हुए इस हादसे में एक ट्रक और टाटा लोडर की टक्कर हो गई। श्यामपुर थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि मृतक 21 वर्षीय ट्रक चालक मोंटी पंचकुला हरियाणा का रहने वाला था। क्लीनर को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

गौरतलब है कि हरिद्वार जिले में पिछले कुछ समय से सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में हुए कई बड़े सड़क हादसों में अनेक लोगों की जान गई है। तेज रफ्तार और असुरक्षित ड्राइविंग के कारण अक्सर हाईवे पर दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस ताज़ा दुर्घटना के बाद भी हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रकों को हटाकर कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु करवाया। हरिद्वार में बढ़ रहे ये सड़क हादसे अब पुलिस और यातायात विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गए हैं, जिस पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।

खोई से भरा ट्रक खेत में पलटा 

बहादराबाद। पतंजलि योगपीठ से सहदेवपुर गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह खोई से भरा एक ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन खेत में लगे पॉपलर के पेड़ों को नुकसान हुआ। गनीमत रही कि जिस समय ट्रक पलटा उस दौरान वहां कोई राहगीर नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!