हरिद्वार। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ हरिद्वार पुलिस लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बहादराबाद और सिडकुल पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान सुमन नगर तिराहे के पास एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली। तलाशी में आरोपी के कब्जे से 22.59 ग्राम अवैध स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोटरसाइकिल संख्या UK17W5164 बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनस पुत्र अनीस निवासी लण्ढौरा, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई। पुलिस टीम में उ0नि0 प्रवीण बिष्ट, हे0का0 नरविन्दर सिंह, कांस्टेबल मुकेश नेगी व कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह शामिल रहे।

वहीं दूसरी ओर कोतवाली सिडकुल प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महादेवपुरम स्थित ESME कंपनी के सामने छापेमारी कर कफील बैग पुत्र नौशाद निवासी टांडा भनेड़ा, मंगलौर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 17.15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, कांस्टेबल कुलदीप डिमरी व कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। एसएसपी नवनीत सिंह ने साफ कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
