गंगा में डूबे दो युवकों की तलाश में NDRF का सघन सर्च ऑपरेशन

हरिद्वार। नमामि गंगे घाट, चंडी पुल के समीप गंगा नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों की तलाश में सघन खोज अभियान शुरू किया। देर शाम तक चले अभियान के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका।

NDRF के अनुसार शुक्रवार को करीब 5:55 बजे टीम घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा आकलन और आवश्यक ब्रीफिंग के बाद शाम 6:15 बजे नाव के माध्यम से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने गंगा की धारा की दिशा में करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तलाश की। नदी के संभावित स्थानों को कवर करते हुए युवकों की खोज की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

गंगा में डूबे युवकों की पहचान पंकज (22) निवासी ग्राम मथेरा, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश और आनंद कश्यप (20) पुत्र नरेंद्र कश्यप, निवासी पोडुरी, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की सहमति के बाद रात करीब 7:55 बजे पहले दिन का अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रविवार सुबह सात बजे से NDRF की टीम ने दोबारा सघन खोज अभियान शुरू कर दिया। दूसरे दिन भी टीम नाव के जरिए गंगा की धारा और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है।

अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर जीडी तीरपन सिंह ने किया। सुरक्षा अधिकारी के रूप में एचसी जीडी सुंदर सिंह तथा पर्यवेक्षण अधिकारी एसी जीडी अजय पंत मौजूद रहे। NDRF ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!