हरिद्वार। जनपद में अपराध नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार असर दिखा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने एक ओर फरार वारण्टियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर DRINK & DRIVE अभियान चलाकर नशे में वाहन चला रहे तीन चालकों को भी हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में रानीपुर पुलिस टीमों द्वारा जनपद एवं गैर जनपदों में लगातार दबिश देकर अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले भी 9 वारण्टियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लगातार हो रही कार्रवाई के चलते अपराधियों में डर का माहौल है और कई आरोपी स्वयं न्यायालय में सरेंडर भी कर रहे हैं।

पुलिस टीमों ने 23 और 24 मई को विशेष अभियान चलाकर न्यायालय से जारी पांच वारण्टियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मबीर निवासी सलेमपुर, प्रकाश चन्द निवासी शिवालिक नगर, दीपांशु, अंकित भण्डारी तथा दिलीप कौर निवासी विष्णुलोक कॉलोनी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इसी दौरान रानीपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया। बाल भारती स्कूल बीएचईएल क्षेत्र और फाउंड्री गेट के पास पुलिस ने तीन वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। एसएसआई नंदकिशोर ग्वाड़ी ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज कर दिया गया।

वहीं, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर भंडारी ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों, वारण्टियों, नशा तस्करों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:-
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी
व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाडी
अ0उ0नि0 सुबोध घिल्डियाल
कांस्टेबल अजय
कांस्टेबल सर्वजीत सिंह
कांस्टेबल नरेन्द्र राणा
महिला होमगार्ड लक्ष्मी
