Breaking: हाई प्रोफाइल अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े विवाद में पूर्व भाजपा विधायक हिरासत में

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा विवाद सुर्खियों में आ गया है। इस मामले से संबंधित एक प्रकरण में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की चर्चा ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन देर रात तक गिरफ्तारी की औपचारिक पुष्टि होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार देहरादून पुलिस ने रविवार शाम थाना बुग्गावाला क्षेत्र से पूर्व विधायक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक वरिष्ठ भाजपा नेता की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के संबंध में की गई है।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। उर्मिला ने तत्कालीन ज्वालापुर विधायक रहे सुरेश राठौर के साथ कथित बातचीत की कई ऑडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की थी। इन ऑडियो में अंकिता प्रकरण को लेकर कुछ प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों के नामों का उल्लेख होने का दावा किया गया था, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में व्यापक चर्चा और विवाद खड़ा हो गया था। मामले में तूल पकड़ने पर भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता का नाम भी चर्चाओं में आया था। विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कथित वीआईपी एंगल की जांच के लिए सीबीआई जांच की संस्तुति की थी। वहीं संबंधित पक्षों द्वारा देहरादून में शिकायत और मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है। आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन पूर्व विधायक को हिरासत में लिए जाने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!