बहादराबाद में स्मार्ट मीटर अभियान ने पकड़ी रफ्तार, उपभोक्ताओं से मिला सकारात्मक फीडबैक

हरिद्वार। बहादराबाद उपखंड क्षेत्र में मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी व अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देश पर ऊर्जा निगम द्वारा चलाया जा रहा स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के तहत पिछले दो दिनों में करीब 200 नए स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए।

साथ ही एसडीओ अक्षय कपिल व जेई सुमित त्यागी ने उन उपभोक्ताओं से भी सीधे संवाद कर फीडबैक लिया, जिनके यहां पहले से स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। अधिकांश उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को सुविधाजनक बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के मार्गदर्शन में बहादराबाद उपखंड क्षेत्र में स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य को गति दी जा रही है। एसडीओ अक्षय कपिल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों, कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों में अभियान चलाकर घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए। अभियान के दौरान टीम ने केवल नए मीटर लगाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उन उपभोक्ताओं से भी मुलाकात की जिनके यहां पहले से स्मार्ट मीटर संचालित हैं। टीम ने उनसे स्मार्ट मीटर के उपयोग, बिलिंग व्यवस्था, बिजली खपत की जानकारी और अन्य सुविधाओं को लेकर अनुभव साझा करने को कहा। फीडबैक के दौरान अधिकांश उपभोक्ता संतुष्ट थे।

एसडीओ अक्षय कपिल ने बताया कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की राय को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से फील्ड में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया गया। उन्होंने कहा कि फीडबैक के दौरान कहीं से भी कोई शिकायत सामने नहीं आई। अभियान के दौरान जेई सुमित त्यागी, अन्नू चौहान, शिवानी शर्मा सहित लाइन स्टाफ की टीम शामिल रही। टीम द्वारा मंगलवार व बुधवार में लगभग 200 स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!