ट्रेन में चढ़ने की अफरा-तफरी का फायदा उठा गले से चेन ले उड़े स्नैचर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जीआरपी

हरिद्वार। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच सक्रिय चेन स्नैचर गिरोह ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन पार कर दी। घटना उस समय हुई जब महिला ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रही थी। सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के एटा जिले के महाराणा प्रताप नगर निवासी राजेश कुमारी उर्फ रेखा अपने परिजनों के साथ यात्रा के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। सुबह करीब साढ़े सात बजे ट्रेन में चढ़ने के दौरान प्लेटफॉर्म पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति, जिनमें दो महिलाएं भी बताई जा रही हैं, उनके आसपास मंडराने लगे। पीड़िता के अनुसार ट्रेन में चढ़ने की धक्का-मुक्की के बीच आरोपियों ने बड़ी सफाई से उनके गले में पहनी करीब ढाई तोला वजनी सोने की चेन निकाल ली। कुछ देर बाद जब उन्हें चेन गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक संदिग्ध भीड़ में ओझल हो चुके थे। घटना की शिकायत जीआरपी थाने में दर्ज कराई गई है। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!