दिलशाद अंसारी
पथरी। थाना क्षेत्र के धनपुरा से फेरूपुर मुख्य मार्ग पर पीठ बाजार धनपुरा के समीप सड़क पर बना गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का सबब बन गया है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण गड्ढा लगातार गहरा होता जा रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं, दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। बरसात के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक गड्ढे से बचने के प्रयास में संतुलन खो बैठते हैं और आपस में टकरा जाते हैं। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आलोक तोमर ने बताया कि पुलिया के पुनर्निर्माण का कार्य शनिवार से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी।
