एक्शन: मुख्य अभियंता मोहित जोशी की सख़्ती का असर, अभियान के तहत 8.50 की राजस्व वसूली, सात बिजली चोरी करते पकड़े

हरिद्वार। बिजली के बढ़ते बकाये की वसूली और विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्य अभियंता हरिद्वार जोन मोहित जोशी के निर्देश पर शुक्रवार को बहादराबाद उपखंड क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान निगम की टीम ने 8.50 लाख रुपये से अधिक की राजस्व वसूली की।

वहीं अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए सात जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने और एफआईआर की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि मुख्य अभियंता हरिद्वार जोन मोहित जोशी के निर्देश पर राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए उपखंड स्तर पर टीमों को लगातार क्षेत्र में उतरकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बहादराबाद क्षेत्र सहित रोशनाबाद और अत्मलपुर बोंगला में राजस्व वसूली व बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया।

बहादराबाद उपखंड अधिकारी अक्षय कपिल के नेतृत्व में अवर अभियंता पारस सैनी, अन्नू चौहान, स्वीटी सैनी समेत ऊर्जा निगम की टीम ने घर-घर और प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान लंबे समय से बिजली के बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया धनराशि जमा कराई गई। अभियान के दौरान 8.50 लाख रुपये से अधिक की वसूली होने के साथ ही लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले कई बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन भी काटे गए। निगम की कार्रवाई से बकायेदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

राजस्व वसूली के साथ ऊर्जा निगम की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ भी सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान सात स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए। टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी। बहादराबाद एसडीओ अक्षय कपिल ने बताया कि बिजली चोरी के सभी मामलों में नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!