हरिद्वार। जनपद में स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस विभाग भी सक्रिय हो गया है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत जिले में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। कार्य के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य अभियंता (वितरण) हरिद्वार क्षेत्र शेखर चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य मैसर्स जीनस पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर द्वारा किया जाएगा। योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग, बिजली खपत की सटीक जानकारी, रियल टाइम मॉनिटरिंग तथा बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है। भारत सरकार के राजपत्र के अनुसार निर्धारित समय सीमा में सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर स्थापित किया जाना अनिवार्य है। प्रथम चरण में हरिद्वार और रुड़की विद्युत वितरण मंडलों के विभिन्न क्षेत्रों में 6 जून से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। हरिद्वार मंडल में जगजीतपुर, सराय, इब्राहिमपुर, शिवालिक नगर, मायापुर, भूपतवाला और कनखल क्षेत्र शामिल हैं, जबकि रुड़की मंडल में सोत मोहल्ला, बीएसएम तिराहा, आवास विकास, लेबर चौक, डिफेंस कॉलोनी, सिविल लाइंस, आदर्श नगर, ईदगाह रोड और रामपुर तिराहा क्षेत्रों में कार्य किया जाएगा। हाल के दिनों में जिले के कुछ इलाकों में स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर विरोध के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य प्रस्तावित है, वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना का क्रियान्वयन शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से किया जा सके। प्रशासन ने आम जनता से भी स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
