कार्रवाई: ग्राम सराय में बिजली चोरी व बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान सख्त, कई पर कसा शिकंजा

हरिद्वार। बिजली चोरी और लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। ज्वालापुर क्षेत्र के ग्राम सराय में चलाए गए सघन अभियान के दौरान निगम की टीम ने चार घरों में बिजली चोरी पकड़ी, जबकि 20 बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब तीन लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। अभियान से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही और कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बकाया बिल जमा कराए।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर के नेतृत्व में अवर अभियंता प्रीति जिंटा व ऊर्जा निगम की टीम ने ग्राम सराय में घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान चार स्थानों पर विद्युत चोरी के मामले सामने आए। टीम ने चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे कनेक्शनों और विद्युत व्यवस्था की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

इसके साथ ही टीम ने बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की भी जांच की। करीब 20 बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम ने लगभग तीन लाख रुपये की राजस्व वसूली की। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल जमा करने और अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।

वहीं, उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर ने बताया कि बिजली चोरी से विभाग को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकने और बकाया वसूली बढ़ाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेष रूप से उन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है, जहां बिजली चोरी या लंबे समय से बिल बकाया रहने की शिकायतें सामने आती हैं। इस दौरान अवर अभियंता प्रीति जिंटा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!