मंडी में दुकान आवंटन से पहले सक्रिय हुए दलाल, सचिव ने व्यापारियों को किया सावधान

हरिद्वार। कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होते ही कथित दलालों की सक्रियता की बात सामने आने लगी है। व्यापारियों को दुकान आवंटित कराने के नाम पर रिश्वत का झांसा दिए जाने की शिकायतों के बीच मंडी प्रशासन ने व्यापारियों को सतर्क रहने की अपील की है।

मंडी सचिव लवकेश गिरी ने स्पष्ट किया कि दुकानों के आवंटन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है। पात्रता पूरी करने वाले आवेदकों को ही गठित कमेटी द्वारा नियमों के अनुसार दुकानें आवंटित की जाएंगी। आवंटन प्रक्रिया में किसी बाहरी व्यक्ति या दलाल की कोई भूमिका नहीं है।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि दुकान आवंटन के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये न दें और न ही उसके बहकावे में आएं। यदि कोई व्यक्ति दुकान दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगता है अथवा मंडी समिति के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों को गुमराह करता है तो उसके खिलाफ शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सचिव ने कहा कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शासन की निगरानी में गठित कमेटी द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। आवंटन से पहले निर्धारित नियमों और पात्रता मानकों का पालन किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल मंडी प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!