हरिद्वार। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर बुधवार को जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। उपखंड अधिकारी अमित तोमर खुद मैदान में उतरे। इस दौरान ग्राम इक्कड़ में टीम ने 11 घरों में बिजली चोरी पकड़ी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, जगजीतपुर उपखंड अधिकारी अमित तोमर के नेतृत्व में टीम बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी के तहत बुधवार को भी उनके नेतृत्व में इक्कड़ गांव जाकर विद्युत कनेक्शनों और मीटरों की जांच की गई। जांच के दौरान 11 उपभोक्ताओं द्वारा बिजली का अनधिकृत रूप से उपयोग किए जाने के मामले सामने आए। ऊर्जा निगम ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज करने के साथ ही नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

साथ ही अवर अभियंता प्रीती जिंटा के नेतृत्व में टीम ने राजस्व वसूली अभियान भी चलाया। इस दौरान बकायेदार उपभोक्ताओं से करीब 70 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई। जिनके द्वारा बकाया जमा नहीं किया गया उनके कनेक्शन काट दिए गए। जल्द ही बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इस संबंध में अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने कहा कि बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर अभियान चलाने के लिए सभी एसडीओ व जेई को निर्देश दिए गए है। खंड क्षेत्र में अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपयोग नियमानुसार करें और बकाया बिलों का समय पर भुगतान करें। बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
