हरिद्वार। शांतरशाह में हुए चर्चित हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार को बहादराबाद कोतवाली में प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हत्याकांड में शामिल बदमाशों की तलाश के दौरान देर रात नहर पटरी पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान मुद्दस्सिर पुत्र जमशेद निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और काले रंग की स्पेलेंडर बाइक बरामद की गई है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 14 सितंबर को शांतरशाह में हैप्पी की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान नहर पटरी स्थित तिरछा पुल के पास बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस के सामने आए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायर कर दिया और बाइक लेकर कलियर की ओर भागने लगे।पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक छोड़कर झाड़ियों की आड़ में छिप गए और पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली सरकारी वाहन की चालक साइड की खिड़की के नीचे भी लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुद्दस्सिर के पैर में गोली लगी। दूसरा बदमाश मौके से भाग निकला।घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए मेला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर अस्पताल पहुंचे और पुलिस टीम से मुठभेड़ के घटनाक्रम तथा घायल बदमाश की स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में हैप्पी हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। आरोपी पक्ष को मृतक पर पुरानी घटना में मुखबिरी करने का शक था। बाद में स्मैक के धंधे को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और धमकी की बात सामने आई। इसी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या की साजिश रची गई थी।हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने ढाई हजार रुपये तथा पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी दीपक सिंह और सीओ संजय चौहान मौजूद रहे।

पुलिस टीम

कोतवाली बहादराबाद: प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरीय उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी, बलवंत सिंह, अरुण चमोली, हिमांशु पंत, विकास थापा, अवनेश राणा, हेड कांस्टेबल राजवर्धन और कांस्टेबल चंदन।

सीआईयू हरिद्वार: निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल दीपगौड़, हरवीर सिंह, उमेश, वसीम और नरेंद्र।

सीआईयू रुड़की: निरीक्षक रविंद्र शाह, एएसआई अश्वनी, कांस्टेबल रविंद्र खत्री, महिपाल, मनमोहन भंडारी, राहुल, आशीष शर्मा और अजय काला।

अन्य टीम: थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार, उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, उपनिरीक्षक उमेश कुमार, एएसआई युवराज सिंह, हेड कांस्टेबल सोहन राणा, कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, नवीन क्षेत्री, दीपक दानू, जितेंद्र मलिक, सतेन्द्र रावत, संजय ठाकुर और अंकित कुमार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!