छापेमारी: जमालपुर कलां में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 13 घरों में पकड़ी चोरी

हरिद्वार। बिजली चोरी और बकाया राजस्व के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्य अभियंता मोहित जोशी के निर्देश पर मंगलवार को ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने जमालपुर कलां गांव में व्यापक अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।

अभियान का नेतृत्व जगजीतपुर उपखंड अधिकारी अमित तोमर ने किया। टीम ने गांव में घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान 13 घरों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए, जिसके बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई। टीम ने बिजली चोरी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तरीकों और कनेक्शनों की भी बारीकी से जांच की।

साथ ही राजस्व वसूली को लेकर भी टीम ने सख्त रुख अपनाया। अभियान के दौरान 30 बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए, जबकि करीब पांच लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। ऊर्जा निगम की इस कार्रवाई से लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों में भी खलबली मची रही।

वहीं, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी और बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर विद्युत बिल जमा करने और बिजली का वैध कनेक्शन इस्तेमाल करने की अपील की। अभियान में जेई वरुण प्रताप पंवार, जेई सुमित त्यागी समेत विजिलेंस टीम और ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!