हरिद्वार। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब सवा लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद होने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार रात रानीपुर कोतवाली पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने पल्टूराम चौक के समीप मैदान क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 12.75 ग्राम स्मैक और 300 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मयंक उर्फ करन पुत्र ललित कुमार निवासी अतमलपुर बौंगला, थाना बहादराबाद के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब सवा लाख रुपये आंकी गई है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक रावली महदूद क्षेत्र से एक युवक से लेकर आया था और उसकी एक पुड़िया 300 रुपये में बेच चुका है। पुलिस अब स्मैक सप्लाई करने वाले युवक की तलाश में जुट गई है।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना बहादराबाद में पूर्व से भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल बीर सिंह और अर्जुन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!