कार्रवाई: नवनियुक्त अधिशासी अभियंता आशुतोष तिवारी के निर्देश पर बिजली चोरों पर ऊर्जा निगम व विजिलेंस का बड़ा प्रहार!

हरिद्वार। ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के नवनियुक्त अधिशासी अभियंता आशुतोष तिवारी ने पदभार संभालते ही बिजली चोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। उनके निर्देश पर ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंजनहेड़ी और फेरुपुर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर बिजली चोरी के 19 मामले पकड़े। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।

उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों गांवों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पंजनहेड़ी में 10 और फेरुपुर में 9 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम ने सभी मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि अधिशासी अभियंता आशुतोष तिवारी ने कार्यभार संभालने के साथ ही राजस्व वसूली में सुधार, बिजली चोरी पर अंकुश और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उनकी इस सख्ती का असर अब मैदानी स्तर पर दिखाई देने लगा है। ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त कार्रवाई को बिजली चोरी के खिलाफ अभियान तेज करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कार्रवाई में अवर अभियंता वरुण पंवार, अनीता तथा विजिलेंस टीम के सहायक अभियंता अनिल, अजय, इंस्पेक्टर मारुत शाह और संजीव त्यागी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!