हादसा टला: देर रात बिजली के पोल में लगी आग, फायर यूनिट ने पाया काबू

हरिद्वार। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बोट क्लब इलाके में बीती रात बिजली के एक पोल में अचानक आग लग गई। हालांकि, रुड़की फायर स्टेशन की यूनिट ने समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे पास ही स्थित रिहायशी भवनों को जलने से बचाया जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि बोट क्लब के पास एक बिजली के पोल में आग लग गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, फायर यूनिट तत्काल सक्रिय हुई और अग्निशमन दल बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना हो गया।मौके पर पहुंची फायर यूनिट ने पाया कि आग बिजली के पोल के रबर वायर और अन्य विद्युत उपकरणों में तेजी से फैल रही थी। टीम ने हाई प्रेशर वाहन का इस्तेमाल करते हुए होज रील बिछाई और तुरंत पंपिंग शुरू कर दी। फायरमैनों की त्वरित और सटीक कार्रवाई के चलते, आग पर जल्द ही पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया गया।आग से पोल में लगे विद्युत रबर वायर और कुछ उपकरण जल गए हैं, लेकिन फायर यूनिट की मुस्तैदी के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।फायर यूनिट के इस तत्काल रिस्पांस टाइम और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय शहरवासियों ने खुले मन से प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर दमकल टीम चंद मिनटों की भी देरी करती, तो आग आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले सकती थी।

अग्निशमन टीम में चालक विपिन सिंह तोमर, लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी, और फायरमैन हरीश राणा शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!