हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र से कंबल विवाद के बाद अब टोपी विवाद सामने आया है। जिसके बाद दुकानदारों ने मिलकर पंजाब के यात्रियों की पिटाई कर दी। जिससे दो यात्री घायल हो गए। पुलिस द्वारा घायलों का मेडिकल कराया गया। वहीं, मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम की है। रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र के पास हाथी पुल पर पंजाब के पटियाला निवासी पवन शर्मा अपने परिवार के साथ माँ की अस्थियां गंगा में विसर्जित करने के लिए हरिद्वार आए थे। अस्थियां विसर्जित करने के बाद जब वह लौट रहे थे तो इसी दौरान वह हाथी पुल से एक दुकानदार से टोपी खरीदने लगे। इस बिच दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। जिस कारण पवन शर्मा व उनके भाई चोटिल हो गए। बाद में पुलिस द्वारा उनका मेडिकल कराया गया। वहीं, चौकी प्रभारी रोड़ीबेलवाला चरण सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
