हरिद्वार। जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18.50 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 4.62 लाख रुपये आंकी गई है।

प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक द्विव्येश उपाध्याय ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 21 जून को अब्दाल साहब रोड, इमलीखेड़ा क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अंकुश पुत्र फकीरचंद (22 वर्ष), निवासी पीरपुरा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में बताई। आरोपी पेशे से वेल्डर है। पुलिस पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के साथ-साथ अधिक मुनाफा कमाने की चाह में स्मैक तस्करी के धंधे से जुड़ गया था। आरोपी के खिलाफ कोतवाली कलियर में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
