हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में भूपतवाला से पुराने एआरटीओ चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए करीब 30 खोखे, फड़, ठेली एवं झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए मेला मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मेला क्षेत्र में अभियान लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा अभियान में सहयोग दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई की जाएगी।
