हरिद्वार। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने गोकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 110 किलो गोमांस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गौकशी और अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने थाना स्तर पर एक टीम गठित की थी। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि माधोपुर हल्का सालियर क्षेत्र में स्थित गय्यूर के घर के अंदर गोकशी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारकर दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान मौके से लगभग 110 किलोग्राम गोमांस और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान (24) पुत्र तौफीक और शहबान (20) पुत्र काला उर्फ कय्यूम निवासी ग्राम माधोपुर, कोतवाली गंगनहर रुड़की के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में गौवंश अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, कांस्टेबल पवन नेगी, कांस्टेबल लाल सिंह और कांस्टेबल अर्जुन सिंह शामिल रहे।
