बड़ा सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से पलटी यात्रियों से भरी बस, महिला की मौत, 38 घायल

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र से सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के नागौर जिले के श्रद्धालुओं से भरी बस डंपर की टक्कर लगने से पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले से आए करीब 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। सोमवार सुबह तीन बसों में सवार होकर सभी श्रद्धालु वापस राजस्थान लौट रहे थे।

इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे एक बस धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। तभी देहरादून की ओर से हरिद्वार आ रहे डंपर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और सप्तऋषि चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल और महिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के मुताबिक हादसे में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं समेत कुल 38 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों का उपचार जारी है और अधिकांश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!