हरिद्वार। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के भोगपुर स्थित मंदिर में सेवादार की हुई सनसनीखेज हत्या का हरिद्वार पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, पेचकस समेत चोरी किया गया इन्वर्टर और एम्पलीफायर बरामद कर लिया है। वहीं आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

घटना 12 अप्रैल 2026 की है, जब मंदिर में सेवा करने वाले बुजुर्ग राजवीर की अज्ञात व्यक्ति ने सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट्स के आधार पर तेजी से काम करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशाल चौधरी (25), निवासी मुजफ्फरनगर, पेशे से ड्राइवर है और शराब का आदी है। घटना की रात वह अपनी मौसी के घर भोगपुर में रुका हुआ था। नशे की हालत में वह चोरी की नीयत से मंदिर पहुंचा, लेकिन वहां सो रहे सेवादार के जाग जाने और विरोध करने पर उसने हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी ने मंदिर से नगदी, इन्वर्टर और पास के दूसरे मंदिर से एम्पलीफायर चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। अगले दिन पुलिस की सक्रियता देखकर वह मुजफ्फरनगर भाग गया, लेकिन जब वह चोरी का सामान लेने वापस आया तो पुलिस ने उसे दबोच लिया।
तेज जांच और मजबूत मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी की टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर मामले की कड़ियों को जोड़ा। लगातार प्रयासों के बाद 14 अप्रैल को आरोपी को टांडा भागमल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी की लीडरशिप में टॉप गियर पर पुलिस
इस पूरे मामले में एसएसपी नवनीत सिंह की सक्रिय मॉनिटरिंग और सटीक रणनीति साफ नजर आई। उनकी लीडरशिप में हरिद्वार पुलिस ने बेहद कम समय में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर अपनी दक्षता साबित की है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे अपराधियों में डर का माहौल बना है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

बरामदगी:
हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा व पेचकस
मंदिर से चोरी किया गया इन्वर्टर
एम्पलीफायर
गिरफ्तार आरोपी:
विशाल चौधरी पुत्र परविंदर कुमार, निवासी नई मंडी, मुजफ्फरनगर (उम्र 25 वर्ष)
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उनि. यशवीर सिंह नेगी, हे.का. रियाज अली, हे. का. पंचम प्रकाश, हे.का. विनोद कुमार, का. गंगा सिंह, का. ध्वजवीर सिंह, का. वसीम एसओजी शामिल रहे।




