इंटरव्यू देने हरिद्वार आए युवक का शव गंगनहर में मिलने से परिजनों में हड़कंप 

हरिद्वार। पांच दिनों से लापता चल रहे युवक का शव मंगलवार को ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

इंटरव्यू देने आया था युवक

पुलिस जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय यश ओझा निवासी कौशांबी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नौ अप्रैल को एक निजी कंपनी में इंटरव्यू के सिलसिले में हरिद्वार आया था, जिसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था।

होटल में आखिरी बार देखा गया

परिजनों की ओर से संपर्क करने पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि उसे आखिरी बार नगर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में देखा गया था। इसके बाद उसके ठिकाने का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

रेगुलेटर पुल के पास मिला शव

मंगलवार को ज्वालापुर क्षेत्र स्थित रेगुलेटर पुल के पास गंगनहर में एक शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की और परिजनों को सूचना दी। हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान यश ओझा के रूप में की।

मौत के कारणों पर सस्पेंस

शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!