हरिद्वार। कनखल क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्यायालय के आदेश पर कनखल पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निरंजनी वाटिका निवासी ईला ने अदालत में दायर प्रार्थना पत्र में बताया कि 22 फरवरी 2023 को उसकी शादी संभल निवासी दक्ष दूबे से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास क्षमा दूबे, ससुर अखिलेश दूबे और जेठ अक्ष दूबे ने 40 लाख रुपये नकद और फॉर्च्यूनर कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए गए और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। विवाहिता का कहना है कि पति की नौकरी अमेरिका में लगने के बाद वह भी वहां चली गई थी, लेकिन वहां भी दहेज को लेकर विवाद और मारपीट का सिलसिला जारी रहा। बाद में बीमारी के चलते उसे भारत लौटना पड़ा। कई बार समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
