भागीरथ महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, बाल कलाकारों ने मोहा मन

हरिद्वार। भेल फाउंड्री गेट, धीरवाली रोड पर आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला-2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्थानीय बाल कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड वर्कर्स ट्रेड यूनियन के महामंत्री विकास सिंह मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ रवि कश्यप, सुभाष पुरोहित, संदीप सिंहानिया, सत्येंद्र प्रताप सिंह, अरुण कुमार यादव, राकेश मालवीय और बायो मेड कंपनी के प्रबंधक विवेक सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेला समिति के अध्यक्ष मनोज यादव, उपाध्यक्ष तरुण कुमार शुक्ल समेत अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मेले में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम संयोजक संतोष साहू, रविंद्र यादव और विकास कुचेरिया ने लोगों से मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर तक गरबा नृत्य का आयोजन किया जाएगा।

समिति के सचिव परमाल सिंह ने बताया कि मेले में सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, कोषाध्यक्ष प्रवीण बरड़िया ने बताया कि मेले में दुर्गा प्रतिमा, गरबा नृत्य, जलपरी, मारुति सर्कस, भूत बंगला और विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का केंद्र हैं।

समिति अध्यक्ष मनोज यादव, उपाध्यक्ष तरुण कुमार शुक्ल और भागीरथ परिवार ने अतिथियों व सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि महोत्सव का उद्देश्य सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और भाईचारे को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!