राजस्व लक्ष्य को पूरा करने को ऊर्जा विभाग ने झोंकी पूरी ताकत, एक ही दिन में 25 लाख की वसूली, 85 कनेक्शन कटे

हरिद्वार। वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में राजस्व लक्ष्य को हर हाल में हासिल करने के लिए ऊर्जा विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर टीमें लगातार फील्ड में उतरकर बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। अधिशासी अभियंता रवि कुमार की मॉनिटरिंग में चल रहे इस अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है, जिससे शहर भर में बकायेदारों के बीच खलबली मच गई है।

इसी क्रम में सोमवार को एसडीओ-I शिल्पी सैनी के नेतृत्व में जेई अक्षय कुमार और जेई दीप्ती चौहान की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वसूली अभियान चलाया। टीम ने सीतापुर, सुभाष नगर, पीठ बाजार, मुख्य बाजार, पवधोई, कस्सावान और वाल्मीकि बस्ती सहित घनी आबादी वाले इलाकों में घर-घर पहुंचकर बकाया बिलों की जांच की और उपभोक्ताओं को तत्काल भुगतान के लिए चेतावनी दी। अभियान के दौरान विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी और एक ही दिन में करीब 25 लाख रुपये की रिकॉर्ड वसूली की गई। यह वसूली विभागीय लक्ष्य की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मौके पर ही कई उपभोक्ताओं ने कार्रवाई से बचने के लिए अपने बकाया बिल जमा कराए, जबकि लंबे समय से बिल न जमा करने वालों पर सख्ती दिखाई गई। टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बकाया बिल जमा न करने वाले 85 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए। इसके अलावा कई स्थानों पर मीटर भी उतार लिए गए, जिससे यह साफ संदेश गया कि अब विभाग किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!