मिस्सरपुर में ऊर्जा निगम की छापेमारी, दस स्थानों पर पकड़ी बिजली चोरी, एफआईआर की कार्रवाई तेज़ 

हरिद्वार। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व वसूली को बढ़ावा देने के लिए ऊर्जा निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत जगजीतपुर उपखंड की टीम ने ग्राम मिस्सरपुर में छापेमारी कर दस स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी।

कार्रवाई के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और जुर्माना लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ऊर्जा निगम की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपखंड अधिकारी अमित तोमर के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम ने ग्राम मिस्सरपुर में विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों में विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी।

एसडीओ अमित तोमर ने कहा कि बिजली चोरी से विभाग को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं इसका असर ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। इसी को देखते हुए चोरी के मामलों में सख्ती बरती जा रही है। अभियान में अवर अभियंता वरुण प्रताप पंवार सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!