बिजली विभाग की सख्ती: सलेमपुर में चला अभियान, 40 बकायदारों के कनेक्शन काटे, 6 लाख की वसूली

हरिद्वार। बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को एसडीओ अक्षय कपिल के नेतृत्व में टीम ने बहादराबाद उपखंड क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 40 बकायदारों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही 6 लाख रूपए की राजस्व वसूली भी की गई।

अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ अक्षय कपिल के नेतृत्व में जेई शिवानी शर्मा व लाइन स्टाफ की टीम गांव में पहुंची और लंबे समय से बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच की। अभियान के दौरान करीब 40 बकायदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने मौके पर ही उपभोक्ताओं से लगभग 6 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की। अचानक हुई कार्रवाई से कई बकायदार उपभोक्ता अपने बकाया बिल जमा कराने के लिए सामने आए। वहीं, एसडीओ अक्षय कपिल ने कहा कि बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी कनेक्शन काटने और वसूली की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!