हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के धनपुरा में दो दोस्तों के साथ मारपीट कर जेवर और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, घटना के करीब पांच घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए लूटा गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर निवासी नीरज चौहान अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया था। इसी दौरान तीन आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट कर सोने की दो अंगूठियां, चांदी की चेन, कड़ा, लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूट लिए। शिकायत मिलने पर पथरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 16 अक्टूबर को लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया, जिसकी पीड़ितों ने पहचान भी की।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार, उम्र 24 वर्ष; रितिक पुत्र जगदीश, निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार, उम्र 22 वर्ष; और विशाल पुत्र अमरीश, निवासी शाहपुर, थाना पथरी, जिला हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष के रूप में की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

लूट का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु की चेन, एक कड़ा, एक लॉकेट, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, फेरुपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन कठैत, कांस्टेबल जयपाल चौहान, रविंद्र बिष्ट, कान्ति राम शर्मा और वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!