हरिद्वार। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में मायादेवी मंदिर पार्किंग के पास मिली लावारिस युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई में नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता और सूझबूझ साफ नजर आई।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि मायादेवी मंदिर पार्किंग में दो लोगों के बीच मारपीट हो रही है, जिसमें एक युवक दूसरे के सिर पर पत्थर से हमला कर रहा है। सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गंभीर हालत में पाया, जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान न होने पर पुलिस ने खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में टीम गठित कर तेजी से साक्ष्य जुटाए गए। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से अहम सुराग भी एकत्र किए गए।जांच के दौरान पुलिस टीम ने ललतारा पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव पुत्र नरेश निवासी सिरसी रहमतपुर थाना मैनाढेर जिला संभल (उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपी ने कबूल किया कि वह पिछले कुछ दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने शराब पी थी और सोते समय मृतक द्वारा अश्लील हरकत करने के प्रयास से नाराज होकर उसने पास में पड़े पत्थर से वार कर हत्या कर दी।

नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह
व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाड़ी
उ0नि0 चरण सिंह चौहान
उ0नि0 संजीत कंडारी
कांस्टेबल निर्मल रांगड़
