ऊर्जा विभाग की सख़्ती: शिवालिक नगर सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई, 5.5 लाख की वसूली, 100 से अधिक कनेक्शन काटे

हरिद्वार। ऊर्जा विभाग द्वारा चलाया जा रहा राजस्व वसूली अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विभागीय टीमें लगातार फील्ड में उतरकर कार्रवाई कर रही हैं, जिससे बकाया वसूली में तेजी आई है और लापरवाह उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति है।

मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शनों के साथ-साथ सरकारी मद में आने वाली स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन भी बकाया होने पर काटे जा रहे हैं।

गुरुवार को एसडीओ-II अर्चना की अगुवाई में विभागीय टीम ने शिवालिक नगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। इस दौरान बकाया भुगतान न होने पर कई स्ट्रीट लाइट कनेक्शन काट दिए गए। इसके अलावा रावली मेहदूद, ब्रह्मपुरी, अहबाबनगर और धीरवाली जैसे क्षेत्रों में भी टीमों ने घर-घर पहुंचकर बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 105 बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि विभाग ने करीब साढ़े पांच लाख रुपये की राजस्व वसूली भी सुनिश्चित की। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाया बिल जमा नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय रहते अपने बिजली बिलों का भुगतान कर दें, अन्यथा कनेक्शन विच्छेदन के साथ-साथ नियमानुसार अतिरिक्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!