हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हज्जाबान मोहल्ले में बिजली बकाया वसूली के दौरान ऊर्जा विभाग की टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। कनेक्शन काटने पहुंची टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। मामले में ज्वालापुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को उपखंड अधिकारी और जेई के नेतृत्व में ऊर्जा विभाग की टीम बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने के लिए हज्जाबान क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और टीम को देख हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान आरोपियों द्वारा धक्कामुक्की भी की गई। आरोप है सरकारी दस्तावेजों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद जेई ने ज्वालापुर कोतवाली में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
