जीरो टॉलरेंस: मैदान में उतरे मुख्य अभियंता की मॉनिटरिंग से ‘एक्शन मोड़’ में राजस्व वसूली अभियान, निरीक्षण से लेकर बैठक तक सख्ती

हरिद्वार/रूड़की। जनपद में राजस्व वसूली को लेकर ऊर्जा विभाग का अभियान अब पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। इस अभियान को धार देने के लिए मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी खुद मैदान में उतरकर कमान संभाले हुए हैं। उनकी सक्रियता और सख्त कार्यशैली से विभागीय अमले में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। मुख्य अभियंता लगातार अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर रहे हैं और जमीनी हकीकत परखने के लिए औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने ज्वालापुर डिवीजन स्थित कैश कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि समय पर बिजली बिलों का भुगतान करें, ताकि विभाग की राजस्व स्थिति मजबूत हो सके और सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहें।

इसके बाद मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी ने रुड़की स्थित कार्यालय में अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य हर हाल में सख्ती के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन सरकारी विभागों पर नाराजगी जताई, जिन पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे विभागों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके बिजली कनेक्शन काटे जाएं। उन्होंने कहा कि कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है, जिसे अब गंभीरता से लिया जाएगा। मुख्य अभियंता की लगातार मॉनिटरिंग और अनुशासित कार्यशैली के चलते विभाग में कामकाज की गति तेज हो गई है, जिससे राजस्व वसूली अभियान को नई दिशा और मजबूती मिल रही है। बैठक व निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!