हरिद्वार। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को 2 किलो 35 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते शुक्रवार को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान भविष्य पाल उर्फ सागर पुत्र निरंजन सिंह पाल, निवासी कठघर होली का मैदान, थाना कठघर जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को लालपुल से नहर पटरी जटवाड़ा पुल की ओर आम के पेड़ के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विजय प्रकाश, कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल गणेश तोमर शामिल रहे।
